Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कुम्हार समाज ने की महाराज दक्ष प्रजापति चौक करने की मांग

कुम्हार समाज ने की महाराज दक्ष प्रजापति चौक करने की मांग
छिंदवाड़ा
19-Aug-26

पूर्व सीएम कमलनाथ से कुम्हार समाज एकता समिति की गुहार

छिन्दवाड़ा

बुधवार 19 अगस्त को प्रजापति कुम्हार समाज एकता समिति से जुड़े समस्त सामाजिकगण राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नाम एक अहम मांग पत्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे को सौंपा। प्रस्तुत मांग पत्र में उन्होंने शहर के परासिया रोड स्थित पोआमा चौक का नामकरण महाराज दक्ष प्रजापति के नाम पर करने का आग्रह किया है।

प्रजापति कुम्हार समाज एकता समिति के द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले के साथ ही जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम गुरैया, गांगीवाड़ा, कुंडाली, रोहनाकला, पोआमा एवं आस-पास के अन्य क्षेत्रों मं प्रजापति कुम्हार समाज के लगभग 10 से 12 हजार नागरिक निवासरत है लेकिन उनके आराध्य महाराज दक्ष प्रजापति के नाम से जिले में एक भी चौक नहीं है और ना ही शहरी क्षेत्र में उनके नाम से किसी भी चौक या मार्ग का नामकरण हुआ है। पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ ने प्रत्येक समाज को समय-समय पर मदद की है इसीलिये प्रजापति कुम्हार समाज एकता समिति समाज हित के लिए पोआमा चौक का नाम “महाराज दक्ष प्रजापति“ चौक करने की मांग कर रहा है।

प्रजापति कुम्हार समाज के आराध्य महाराज दक्ष की जयंती समाज ने बड़े हर्षाेल्लास से दिनांक 27 जुलाई 2026 को पोआमा चौक स्थित स्वर्णकार भवन में मनाई गई थी। आयोजन में जिलेभर से सामाजिक लोग उपस्थित थे, इस दौरान पोआमा चौक को महाराज दक्ष प्रजापति चौक का नाम दिए जाने की सहमति बनी थी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने उपस्थित समस्त समाजिक बंधुओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांग तत्काल प्रभाव से कमलनाथ जी तक पहुंचाई जाएगी साथ ही इस पर आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष आग्रह किया जाएगा।

मांग पत्र सौंपते समय प्रजापति कुम्हार समाज एकता समिति के जिला अध्यक्ष घनश्याम प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष गोविन्द प्रजापति, सचिव सुभाष प्रजापति, सहसचिव निर्मल प्रजापति, कोषाध्यक्ष हेमन्त प्रजापति व मीडिया प्रभारी संदीप प्रजापति सहित अन्य गणमान्य सामाजिक बंधुगण उपस्थित रहे।
Share News On