अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे राष्ट्रपति पदक से सम्मानित
मध्यप्रदेश
18-Aug-26
छिन्दवाडा

प्रदेश और छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय है कि राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2001 बैच के अधिकारी एवं वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, छिंदवाड़ा के पद पर पदस्थ आशीष खरे को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान उन्हें 15 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हस्ते प्रदान किया गया।
श्री खरे की राज्य पुलिस सेवा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थापना रही है। उन्होंने डीएसपी रतलाम, 17वीं बटालियन भिंड, 10वीं बटालियन सागर, सीएसपी सागर, सीएसपी गुना, सीएसपी भोपाल, एआईजी एसटीएफ, एआईजी ईओडब्ल्यू, 18वीं बटालियन शिवपुरी तथा एआईजी सीआईडी के पदों पर सेवाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि सराहनीय सेवा के लिये राष्ट्रपति पदक प्रदान किए जाने की घोषणा 14 अगस्त 2025 को की गई थी। उस समय आशीष खरे अपराध अनुसंधान विभाग, पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया। राष्ट्रपति पदक से अलंकृत अधिकारियों को मुख्यमंत्रीजी एवं राज्यपाल महोदय द्वारा अपने निवास पर आमंत्रित कर भी सम्मानित किया गया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री खरे को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्री खरे को लगभग 25 वर्ष की शासकीय सेवा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा करीब 150 प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें कर्मवीर योद्धा पदक तथा केन्द्रीय गृह मंत्री का उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्राप्त हो चुका है।