Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा-पांढुर्ना के विकास को लेकर भोपाल में सक्रिय रहे सांसद बंटी विवेक साहू

छिंदवाड़ा-पांढुर्ना के विकास को लेकर भोपाल में सक्रिय रहे सांसद बंटी विवेक साहू
राजनीति
18-Aug-26
मंत्रियों से मुलाकात कर सामुदायिक भवन, सड़क, आंगनवाड़ी, नहर, स्टॉप डेम और खेल मैदानों की स्वीकृति का रखा प्रस्ताव

छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा-पांढुर्ना के विकास कार्यों को गति देने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू ने सोमवार को भोपाल में प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री कैलाश विश्वास सारंग से मुलाकात कर दोनों जिलों की विभिन्न विकास आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की और मांगों से संबंधित पत्र सौंपे।

सांसद ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात कर छिंदवाड़ा-पांढुर्ना की 247 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों की स्वीकृति का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न गांवों में सड़कों की स्वीकृति के लिए गांवों की सूची भी सौंपी। सांसद ने जनपद पंचायत छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत खापाकला में क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर मंत्री ने तत्काल स्वीकृति देने की घोषणा की।

आंगनवाड़ी भवनों के लिए भी रखा प्रस्ताव

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से मुलाकात के दौरान सांसद ने दोनों जिलों में भवनविहीन आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भवनों के अभाव में बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी होती है। भवन बनने से आंगनवाड़ी की योजनाओं का बेहतर संचालन हो सकेगा।

कच्ची नहरों को पक्का करने और स्टॉप डेम की मांग

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से मुलाकात के दौरान सांसद ने छिंदवाड़ा-पांढुर्ना में पहले से स्वीकृत स्टॉप डेम एवं नहरों के लिए आभार जताया। साथ ही अन्य स्टॉप डेम स्वीकृत करने और वर्षों से कच्ची पड़ी नहरों को पक्का कराने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि कच्ची नहरों से पानी का अपव्यय होता है और किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिल पाती।

विकासखंडों में नए खेल मैदानों पर जोर

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री कैलाश विश्वास सारंग से मुलाकात में सांसद ने दोनों जिलों के अन्य विकासखंडों में नए खेल मैदान स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा और पांढुर्ना के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन प्रतिभाओं को निखारने के लिए विकासखंड स्तर पर पर्याप्त खेल सुविधाओं की आवश्यकता है।

भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से भी मिले

भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य से भी मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने दोनों जिलों में संगठन की गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए सहयोग का आग्रह किया। इसके अलावा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार से भाजपा कार्यालय में मुलाकात कर दोनों जिलों में मोर्चा की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुलाकातों के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय झांझरी, नीरज भारद्वाज और राहुल वर्मा भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा और पांढुर्ना के विकास के लिए प्रदेश सरकार के स्तर पर आवश्यक स्वीकृतियां और योजनाएं दिलाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
Share News On