Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने की विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा

कलेक्टर ने की विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा
छिंदवाड़ा
18-Aug-26
गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए

छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। यह बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई थी जिसमें प्रथम सत्र में सड़क संबंधी विभागों में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण, एम.पी.रोड डेव्लपमेण्ट कार्पाेरेशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सड़कों एवं पुलों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई, तो वहीं दूसरे सत्र में भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों, जिनमें म.प्र. भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग (भवन), स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन और प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री नारायन ने सभी निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में गति लाएं और गुणवत्ता के साथ प्रगतिरत निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ठेकेदार के साथ ही निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत पूर्ण हो चुके उप स्वास्थ्य केंद्रों के रंग - रोगन एवं परिसर स्वच्छता का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे इन्हें आमजन के उपयोग के लिए शुरू कराया जा सके। बैठक में सड़क, भवन एवं अन्य निर्माण संबंधी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share News On