Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
छिंदवाड़ा
18-Aug-26
छिंदवाड़ा

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित हुई। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 162 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने जमीन सीमांकन, नक्शा दुरुस्ती, अतिक्रमण हटाने, नाला गहरीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली-पानी सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। कलेक्टर ने कई आवेदनों में तत्काल प्रकरण दर्ज कराते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कुछ मामलों को समय-सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हित किया गया।

रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग

ग्राम पलटवाड़ा के ग्रामीणों ने पलटवाड़ा-शिवपुरी-छिंदवाड़ा मार्ग से जुड़े पारंपरिक रास्ते पर हुए अतिक्रमण को हटाकर रास्ता चालू रखने की मांग की। ग्राम डोब निवासी भादू ने भूमि का पट्टा दिलाने, जबकि जुन्नारदेव की पुष्पा बेलिया ने भूमि का सीमांकन कर कब्जा दिलाने के लिए आवेदन दिया। हर्रई के ग्राम मेंहदा निवासी सुरेश उइके सहित किसानों ने आंधी-तूफान में कृषि भूमि पर गिरे पेड़ों की जांच कर उन्हें काटने और हटाने की अनुमति तथा खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग रखी।

पेंशन, इलाज और सड़क-नाली के आवेदन भी आए

ग्राम बेलगांव के शिवकुमार मर्सकोले ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-19 निवासी रामभरोस साहू ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं वार्ड नंबर-3 वीर सावरकर वार्ड, गिट्टी खदान क्षेत्र के रहवासियों ने रोड और नाली निर्माण कराने की मांग रखी। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुए। आवेदकों के बैठने के लिए भी व्यवस्था की गई थी।
Share News On