झूठ की राजनीति बेनकाब, विकास के साथ भाजपा मजबूत: अलकेश साव
छिंदवाड़ा
02-Apr-26
छिंदवाड़ा
भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री अलकेश साव ने कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बयान पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यों से परे हैं। ये आरोप कांग्रेस की गहरी राजनीतिक हताशा और जनता से लगातार मिल रही अस्वीकृति का स्पष्ट प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, प्रशासनिक कार्यवाही जैसे विषयों पर कांग्रेस जिस तरह से तथ्यहीन बयानबाजी कर रही है, वह केवल जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास है। आज की जागरूक जनता केवल आरोपों पर नहीं, बल्कि काम और परिणामों पर विश्वास करती है। भाजपा सरकार ने हमेशा पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है।

अलकेश साव ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जबकि कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश में लगी हुई है। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के छिंदवाड़ा आगमन को लेकर कांग्रेस में प्रतिस्पर्धा चरम पर है। उनके सामने अपने “नंबर बढ़ाने” की होड़ में स्थानीय कांग्रेस नेता इस तरह के बयान देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। यही कारण है कि वास्तविक मुद्दों से भटककर बेबुनियाद आरोपों की राजनीति की जा रही है।