वार्ड में समस्याओं का अंबार, निगम का दावा मौके पर समस्याओं का निपटारा
छिंदवाड़ा
01-Oct-26
वार्ड पार्षद आकाश मोखलगाय ने वार्ड में घूम कर बताई समस्याएं

छिंदवाड़ा अपडेट
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जब नगर निगम की टीम गुरूवार को वार्ड नंबर 14 लालाबाग और रामबाग पहुंची तो निगम के सारे दावों की पोल खुल गई। कई समस्याएं जिनके लिए वार्ड पार्षद ने लिखित शिकायत की थी उनमें से एक भी हल नहीं हुई जिसे लेकर वार्डवासियों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश है और इस आक्रोश का सामना नगर निगम की टीम को आज वार्ड नंबर 14 में भ्रमण के दौरान करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित व स्थल पर ही समाधान, प्रशासनिक पारदर्शिता और शासकीय योजनाओं की सुलभता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत प्रति शुक्रवार आयोजित होने वाले विशेष वार्ड भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन इस बार गुरुवार, 1 अक्टूबर को किया गया।
नगर निगम का दावा
निगम की प्रशासनिक एवं राजस्व टीम ने वार्ड क्रमांक 14 एवं 28 में सघन भ्रमण कर जन-संवाद किया। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद आकाश मोखलगाय एवं वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद नदीम अहमद विशेष रूप से उपस्थित रहे। निगम अमले ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ दोनों वार्डों के विभिन्न रिहाइशी इलाकों का पैदल दौरा कर सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट एवं नालियों की स्वच्छता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन तथा जन आकांक्षा पोर्टल पर प्राप्त लंबित शिकायतों का स्थल पर ही परीक्षण कर त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण किया। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन पात्रता पर्ची, निर्माण श्रमिक पंजीयन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का भी मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के सहायक यंत्री, उप यंत्री, स्वच्छता निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, वार्ड सुपरवाइजर तथा संबंधित वार्डों के गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय रहवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जमीनी सच्चाई कुछ और
वार्ड पार्षद आकाश मोखलगाय ने छिंदवाड़ा अपडेट से चर्चा में बताया कि उन्होंने कई बार वार्ड की समस्याओं को लेकर निगम आयुक्त को पत्र लिखा लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड के शारदा माता मंदिर टिग्गा मोहल्ला एवं माता मंदिर क्षेत्र में शुद्ध पेयजल (मीठे पानी) का अभाव है, एवं वर्तमान में पाईप लाईन का कार्य अधूरा पड़ा होने के कारण वार्डवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं सोहन साहू के निवास स्थान के पीछे से श्री केशरीनंदन हनुमान मंदिर तक वर्षों पूर्व बना नाला वर्तमान में जर्जर अवस्था में है जिसके निर्माण की तत्काल आवश्यकता है। वार्ड के विभिन्न स्थानों में सी.सी. रोड एवं नाली निर्माण, मिनी मास्क लाईट, कुछ स्थानों पर लीकेज लाईनों में सुधार कार्य, रामबाग जल भराव की स्थिति को देखते हुये नाला निर्माण कराने सहित अन्य मांगे शामिल हैं जिनका हल किया जाना जनहित में आवश्यक है।