पतंजलि काउज घी का नमूना मिला असुरक्षित
छिंदवाड़ा
08-Oct-26
संबंधित बैच के उत्पाद को बाजार से वापस लेने के निर्देश

छिन्दवाडा अपडेट
संपूर्ण प्रदेश में संचालित मिलावट से मुक्ति अभियान एवं आगामी दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच एवं खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग के जांच दल द्वारा 10 अगस्त 2026 को तामिया स्थित अनिल किराना से पतंजलि काउज घी पैक 200 एमएल का नमूना लिया गया था। उक्त नमूने का बैच नंबर FAWB260017 है, जिसकी पैकिंग अप्रैल 2026 की है।
प्रयोगशाला जांच में नमूना असुरक्षित घोषित
प्रयोगशाला जांच में उक्त घी का नमूना असुरक्षित घोषित किया गया है। इसके बाद नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर संबंधित बैच नंबर FAWB260017 के पतंजलि काउज घी पैक 200 एमएल उत्पाद को तत्काल बाजार से वापस लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के तहत संबंधित उत्पाद को छिंदवाड़ा जिले सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश तथा जहां-जहां इसका विक्रय किया गया है, वहां से तत्काल वापस लिया जाएगा। उत्पाद की प्रोडक्ट रिकॉल संबंधी कार्रवाई निर्माता फर्म पतंजलि फूड्स लिमिटेड अहमदनगर, महाराष्ट्र द्वारा की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा निगरानी
उत्पाद को बाजार से वापस लेने की संपूर्ण कार्रवाई की निगरानी अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छिंदवाड़ा द्वारा की जाएगी। इस संबंध में आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महाराष्ट्र तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया गया है।