Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छोटा तालाब शिवलिंग विसर्जन में पार्किंग बनी बड़ी परेशानी

छोटा तालाब शिवलिंग विसर्जन में पार्किंग बनी बड़ी परेशानी
छिंदवाड़ा
03-Aug-26
नगर निगम कर्मचारी और पुलिस बल तैनाती की मांग

छिंदवाड़ा

सावन माह के पहले सोमवार को पार्थिव शिवलिंग विसर्जन के लिए शहर के छोटा तालाब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग सबसे बड़ी समस्या बन गई। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के अभाव में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मौके पर नगर निगम और पुलिस विभाग के कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण पूरे समय अव्यवस्था का माहौल बना रहा। तालाब के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लगने से आवागमन भी प्रभावित हुआ और कई लोगों को अपने वाहन दूर खड़े करने पड़े।

इसी बीच विश्व हिन्दू परिषद धर्म प्रसार विभाग के कार्यकर्ता चीकू पाल ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को घर-घर में पार्थिव शिवलिंग पूजन के बाद श्रद्धालु छोटा तालाब में विसर्जन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां मेले जैसी स्थिति बन जाती है। भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात, पार्किंग व्यवस्था तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए कोतवाली पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम को संयुक्त रूप से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।

श्रद्धालुओं ने भी मांग की है कि आने वाले सावन सोमवारों पर प्रशासन पहले से पर्याप्त पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
Share News On