गौसेवक मैत्री संघ ने भाजपा जिलाध्यक्ष के समक्ष उठाई मानदेय की मांग
छिंदवाड़ा
03-Aug-26
मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष और सांसद कार्यालय को सौंपा ज्ञापन

छिंदवाड़ा
मित्रता दिवस के अवसर पर सोमवार को पशुपालन एवं डेयरी विभाग के गौसेवक मैत्री संगठन ने षष्ठी माता मंदिर परिसर में श्गौसेवक मैत्री मित्रता दिवस मनाया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष शेषराव यादव को ज्ञापन सौंपा और आगामी 7 अगस्त को छिंदवाड़ा में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान गौसेवक मैत्री प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का अनुरोध किया।
संगठन ने सांसद कार्यालय में भी ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष उनकी मांगें रखने और गौसेवक मैत्री कर्मियों के लिए प्रतिमाह मानदेय की व्यवस्था कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में लगभग 23 हजार गौसेवक और 11 हजार मैत्री कार्यकर्ता पिछले करीब 25 वर्षों से पशुपालन विभाग के साथ निजी कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में उन्हें केवल कार्य आधारित पारिश्रमिक मिलता है, जिसमें एफएमडी टीकाकरण के लिए 5 रुपये, कृत्रिम गर्भाधान (एआई) के लिए 50 रुपये, पशुओं को बिल्ला लगाने के लिए 5 रुपये तथा दुग्ध समृद्धि योजना के अंतर्गत प्रति परिवार 5 रुपये का भुगतान किया जाता है।
गौसेवक मैत्री संगठन ने कहा कि पूर्व में भी ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्ति और नियमित मासिक मानदेय की मांग को लेकर कई बार शासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार बुनकर, ब्लॉक अध्यक्ष कवितलाल धुर्वे, अजय डिगरसे, अजय वर्मा, रामेश्वर साहू, हंसराज वर्मा, चंद्रभान वर्मा सहित बड़ी संख्या में गौसेवक मैत्री कार्यकर्ता उपस्थित रहे।