लिंगानुपात सुधार और महिला सशक्तिकरण पर दी छात्राओं को जानकारी
शिक्षा
03-Aug-26
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

छिंदवाड़ा
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत चंदन नगर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भरतादेव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटियों के महत्व, महिला अधिकारों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करना था।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश कुमार शिवहरे के निर्देशन तथा परियोजना अधिकारी श्याम सिंह ठाकुर एवं प्राचार्य एरीना सहाय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्यामल राव ने कहा कि समाज में आज भी बेटियों की अपेक्षा बेटों को अधिक प्राथमिकता दी जाती है, जिसके कारण कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर समस्या सामने आती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बेटियों की सुरक्षा व सम्मान का संदेश दिया गया।
प्राचार्य एरीना सहाय ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तभी सफल होगा, जब समाज बेटियों के जन्म पर खुशी मनाए, उन्हें समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की आधारशिला हैं, इसलिए उनके संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षिका शैफाली खाड़े, साधना मिश्रा, रत्नमाला लोखंडे, प्रेमवती उईके, मनीषा दुबे, कल्पना करमरकर, नकुल खापरे, सुनील पवार, पराग कटरे, विपत डोंगरे, योगेश पाटिल, महिला एवं बाल विकास विभाग से शैलेंद्र शुक्ला तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीता मंडराह सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।