सावन के प्रथम सोमवार पर अनगढ़ हनुमान मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
धर्म
03-Aug-26
पावन नदियों के जल से हुआ बाबा महाकाल का रुद्राभिषेक

छिंदवाड़ा
सावन माह के प्रथम सोमवार पर स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर में भगवान महाकाल का भव्य रुद्राभिषेक देश की पावन नदियों के जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। परम पूज्य नागेंद्र ब्रह्मचारी जी के सानिध्य में विद्वान ब्राह्मणों ने विधि-विधान से अभिषेक कराया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मंदिर समिति के अनुसार सावन माह में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 20 शिवलिंगों का अभिषेक एवं पूजन किया जाता है। वहीं प्रत्येक सावन सोमवार को शाम 6 बजे देश के विभिन्न ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप में शिवलिंग तैयार कर ढोल-नगाड़ों, करताल और भजन-कीर्तन के साथ विशेष पूजन, आरती एवं अभिषेक का आयोजन किया जाता है। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा लोककल्याण की कामना की।