अमरवाड़ा में किसान आंदोलन की बनी रूपरेखा
राजनीति
16-Sep-26
किसान कांग्रेस कमेटी ने ली बैठक

छिन्दवाड़ा
किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर आंदोलन किए जाने और किसान कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से अमरवाड़ा ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कांग्रेस कार्यालय अमरवाड़ा में आयोजित बैठक को किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने संगठन की गतिविधियों से अवगत कराते हुए क्षेत्र में किसान कांग्रेस को मजबूत करने की बात कही। किसानों की समस्याओं को लेकर किसान आंदोलन किए जाने की रूपरेखा बनाई गई। इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि 19 सितम्बर को इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज में अधिक से अधिक युवा और छात्र पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं व छात्रों ने क्यूआर कोड के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन भी कराया तो वहीं कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में युवा व छात्रों का रजिस्ट्रेशन किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अशोक तिवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा किसान हित में सतत रूप से किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया और वर्तमान में खाद, बिजली व फसलों को समर्थन मूल्य नहीं मिलने व कृषि मंडी की समस्याओं को उजागर किया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी धीरन शाह ने किसान कांग्रेस को गांव-गांव तक मजबूत करने की बात कहते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में किसान चौतरफा त्रस्त हो चुके हैं। इसीलिये क्षेत्र में बड़े किसान आंदोलन करने की आवश्यकता है ताकि सरकार तक किसानों की बात पहुंच सके।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमरवाड़ा शैलेन्द्र जैन, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष राममिलन वर्मा ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष शिवकुमार सिरसाम, ब्लॉक अध्यक्ष चंपालाल कुर्चे, सहित मलोट चन्द्रवंशी, गरीबा डेहरिया, मणि नागवंशी, गोविंद पटेल, मनोज पटेल, अमित वर्मा, याकूब मंसूरी, सलीम खान सहित ब्लॉक किसान कांग्रेस के समस्त पदाधिकारीगण और प्रगतिशील किसान व कांग्रेस के क्षेत्रीय पदाधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फोटो- 03