Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य केवल भाजपा ने किया: पंकज तेकाम

जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य केवल भाजपा ने किया: पंकज तेकाम
छिंदवाड़ा
13-May-26
अनुसूचित जनजाति मोर्चा बनेगा संगठन की सबसे बड़ी ताकत: शेषराव यादव

छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, जनजातीय समाज के उत्थान, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा संभाग प्रभारी संजय कुशराम, महापौर विक्रम अहके विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुसूची जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गांव को शहर से और शहर को गांव से जोड़ने की ऐतिहासिक सोच के साथ विकास की ऐसी योजनाएं बनाई थीं, जिनका लाभ आज भी देश के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने हमेशा आदिवासी समाज की चिंता की है और उनके सम्मान, अधिकार एवं विकास के लिए निरंतर कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आदिवासी जनजातीय समाज के महापुरुषों एवं जननायकों को सम्मान देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वर्षों तक उपेक्षित रहे जनजातीय गौरव और उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारें आदिवासी समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करते हुए उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में सम्मान दिलाने का कार्य कर रही हैं।

श्री तेकाम ने कहा कि पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण विभाग के माध्यम से जनजातीय युवाओं को वैचारिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही जनजातीय समाज के महापुरुषों, उनके संघर्ष, इतिहास एवं गौरवशाली परंपराओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने का कार्य भी किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि वर्षों तक कुछ सामाजिक एवं राजनीतिक ताकतों ने आदिवासी समाज को तोड़ने और भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मान दिलाने का कार्य किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा संगठन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और आने वाले समय में यह भाजपा का सबसे बड़ा एवं सबसे मजबूत मोर्चा बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा की नीतियों और सरकार की योजनाओं को पहुंचाना होगा।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा संभाग प्रभारी संजय कुशराम ने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जनहित की योजनाओं को वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य भी करना होगा। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक शासन किया, उन्होंने कभी आदिवासी वर्ग की वास्तविक चिंता नहीं की, बल्कि केवल आदिवासियों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया। भाजपा ने ही जनजातीय समाज को सम्मान, प्रतिनिधित्व और विकास देने का कार्य किया है।

बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों एवं जनजातीय क्षेत्रों में भाजपा की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरपाल इवनाती द्वारा किया गया, जबकि अंत में अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरु प्रसाद धुर्वे ने उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उईके, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला प्रभारी मोरेश्वर मर्सकोले, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सविता भोसम, भारिया विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, श्रीमती उर्मिला भारती, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा पूर्व जिला महामंत्री जितेंद्र शाह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं मोर्चा जिला छिंदवाड़ा प्रभारी मोरेश्वर मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Share News On