कांग्रेस को देशहित की अपील भी राजनीति लगती है: अजय सक्सेना
छिंदवाड़ा
13-May-26
घोटाले और भ्रष्टाचार जिनकी पहचान वे आर्थिक सलाहकार बन रहे हैं
छिंदवाड़ा
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने छिंदवाड़ा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को देशहित में की गई हर अपील में भी राजनीति दिखाई देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से आत्मनिर्भरता, स्वदेशी अपनाने और अनावश्यक आयात कम करने की अपील करना राष्ट्रहित का विषय है, लेकिन कांग्रेस इसे भी राजनीतिक चश्मे से देख रही है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि कांग्रेस को शायद यह याद नहीं कि देश की अर्थव्यवस्था को सबसे ज्यादा नुकसान भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और परिवारवाद ने पहुंचाया था। जिन लोगों के शासनकाल में घोटालों की लंबी सूची देश की पहचान बन गई थी, वे आज आर्थिक नीति पर भाषण दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सोना और पेट्रोलियम जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात किया जाता है और जिन देशों से इनका आयात होता है, वहां वर्तमान समय में युद्ध और अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है। ऐसे वैश्विक संकट के समय प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से संयम, बचत और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील करना जिम्मेदार नेतृत्व का परिचायक है।
श्री सक्सेना ने कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक और सामरिक चुनौतियों से जूझ रही है, तब कांग्रेस को राष्ट्रहित और राष्ट्रवाद की भावना के साथ देश के साथ खड़ा होना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस इसके उलट सत्ता पाने की लालसा में भ्रम फैलाकर देश को अस्थिर और कमजोर करने की राजनीति कर रही है। कांग्रेस हर राष्ट्रीय विषय पर नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को पेट्रोल-डीजल की चिंता अचानक चुनाव के बाद याद आती है, लेकिन जब उनकी सरकारों के समय महंगाई आसमान छूती थी तब उन्हें आम जनता का दर्द दिखाई नहीं देता था। कांग्रेस की राजनीति हमेशा डर फैलाने और भ्रम पैदा करने पर आधारित रही है।
श्री सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ाया है। आज भारत रक्षा, तकनीक, मोबाइल निर्माण, डिजिटल भुगतान और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। कांग्रेस को यह विकास पच नहीं रहा, इसलिए वह हर सकारात्मक पहल का मजाक उड़ाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले यह जवाब देना चाहिए कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने देश को आयात पर निर्भर क्यों बनाए रखा? क्यों भारत को विदेशी वस्तुओं का बड़ा बाजार बना दिया गया? भाजपा सरकार देश को आत्मनिर्भर और मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर ले जा रही है, जबकि कांग्रेस केवल बयानबाजी और नकारात्मक राजनीति कर रही है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि आज देश की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस के पास न नीति बची है, न नेतृत्व और न ही जनविश्वास। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता अब मुद्दों पर नहीं, केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देने तक सीमित रह गए हैं।