विश्व आदिवासी दिवस पर नकुलनाथ बोले- आदिवासी संस्कृति के मूल रक्षक
राजनीति
09-Aug-26
कांग्रेस भवन में भी हुआ आयोजन

छिंदवाड़ा
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने सोमवार को खजरी चौक पहुंचकर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। तीन दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे नकुलनाथ का ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे खजरी चौक पहुंचे।
रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नकुलनाथ ने जिले सहित प्रदेश और देशवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भारतीय संस्कृति और सभ्यता का मूल रक्षक है। जल, जंगल और जमीन से जुड़ा यह समाज आज भी अपनी परंपराओं और संस्कृति को जीवंत रखे हुए है।
नकुलनाथ ने कहा कि आदिवासी समाज के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस ने काम किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित किया गया था। शासकीय सेवाओं में आदिवासी समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया, जिससे समाज के युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में भी आदिवासी समाज को प्रतिनिधित्व और अवसर दिए गए हैं। इसका उदाहरण जिले में विभिन्न राजनीतिक एवं संगठनात्मक पदों पर आदिवासी वर्ग के लोगों की भागीदारी है।
कांग्रेस भवन में बड़ादेव की आरती के साथ हुआ आयोजन
विश्व आदिवासी दिवस पर स्थानीय राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ादेव की पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान आदिवासी समाज के सामाजिक बंधुओं के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से बड़ादेव की आरती कर सर्वकल्याण की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि छिंदवाड़ा के आदिवासी अंचलों में स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र और पातालकोट तक पहुंचने वाली सड़कें कमलनाथ और नकुलनाथ के आदिवासी समाज के प्रति कार्यों का प्रमाण हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
ओकटे ने कहा कि कमलनाथ सरकार द्वारा विश्व आदिवासी दिवस पर घोषित शासकीय अवकाश को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के हितों को लेकर राजनीतिक दलों के दावों की वास्तविकता को समझने की जरूरत है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस, आदिवासी प्रकोष्ठ, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ सहित विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशिक्षण शिविर से संगठन को मिलेगी नई मजबूती
पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी मीडिया से चर्चा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ होने जा रहा है। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
नकुलनाथ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर से कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को लेकर एआईसीसी और पीसीसी से लगातार चर्चा चल रही थी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण के बाद संगठनात्मक गतिविधियों में और तेजी आएगी तथा इसका असर मैदानी स्तर पर भी दिखाई देगा। नकुलनाथ 10 अगस्त को सुबह 10.30 बजे नरसिंहपुर रोड स्थित अग्रवाल लॉन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।