Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

वाहनों की जब्ती के खिलाफ एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन

वाहनों की जब्ती के खिलाफ एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
26-Jun-25
अवैध वसूली के भी लगाए आरोप, पुलिस अधीक्षक के नाम दिया ज्ञापन

छिन्दवाड़ा

सड़कों किनारे खड़े दुपहिया वाहनों को उठाकर ले जाना और फिर वाहन मालिकों से जबरन वसूली करना एनएसयूआई को रास नहीं आया और उन्होंने इस मुहिम के खिलाफ गुरूवार को प्रदर्शन किया। एनएसयूआई ने पुलिस अधीक्षक के नाम चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी दिया जिसमें मांग की गई कि इस तरह की कार्यवाही पर तुरंत लगाई जाए, गरीबों को परेशान न किया जाए साथ ही नगर निगम को पार्किंग बनाने की तक नसीहत दे डाली।
अपने ज्ञापन में एनएसयूआई ने कहा जिला मुख्यालय पर सुचारू यातायात व्यवस्था निर्मित करने के नाम पर पुलिस की जारी अवैध वसूली से आमजन त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के सामने इलाज कराने आए जिले के दूरस्थ अंचल से लोग दोपहिया अथवा चौपहिया वाहन से पहुंचते हैं। गलती से भी अगर उन्होंने बाइक अस्पताल के आस-पास मुख्य सड़क पर सफेद पट्टी के अंदर भी खड़ी की है तो भी उनका वाहन जबरन जब्त कर लिया जाता है। वाहन यातायात थाना पहुंचता है जहां पुलिस को पैसे देने पड़ते हैं। अगर वाहन बचाना है तो टोवैन वाले भी रुपए मांगते हैं। यही हाल शहर की अन्य मुख्य सड़कों पर भी है। गरीब अथवा मध्यम वर्गीय परिवार का सदस्य अस्पताल पहुंचे बीमार व्यक्ति के लिए दवाइयां खरीदे या फिर पुलिस व टोवेन वालों का पेट भरे। सिर्फ यातायात व्यवस्था को सुधारने का हवाला देकर विगत कुछ माह से निरंतर अवैध वसूली जारी है, जबकि यातायात व्यवस्था आज भी जस की तस बनी हुई। वाहन को उठाकर ले जाना अथवा जब्ती बनाना कोई समाधान नहीं है। निगम वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था करें, शेष समस्याओं का समाधान स्वतः हो जाएगा। 
पुलिस वाहन चौकिंग व दस्तावेजों के परीक्षण के नाम पर शहर की सभी सड़कों पर खुलेआम वाहन चालकों से रुपए मांग रही है। जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल एवं महाविद्यालय पहुंचते हैं। पुलिस उन्हें भी तरह-तरह से प्रताड़ित कर रही है। टोवैन से वाहनों को उठाया जा रहा है जिससे लगातार वाहनों में होने वाली क्षति की पूर्ति पुलिस नहीं करती इसका सारा खर्च एक वाहन मालिक को ही उठाना पड़ता है। एनएसयूआई ने पुलिस के द्वारा जारी अवैध वसूली पर तत्काल विराम लगाने की मांग की है। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय ठाकुर, ,राजू वाडिवा समर्थ मैद, लेखराम यदुवंशी, तनय शर्मा, सत्येन्द्र अहिरवार, प्रकाश भावरकार, सतीश डेहरिया, अनुराग डेहरिया, मोनू लाडे, अविनाश काकोड़िया, शिखर लोधी,सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
Share News On