सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण देकर नवआरक्षकों को किया जागरूक
छिंदवाड़ा
22-May-26
छिन्दवाडा
पीटीएस आठवीं बटालियन में आज नवआरक्षकों के लिए सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (सिम्स) के एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सकों द्वारा जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर का व्यावहारिक प्रदर्शन कर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनेस्थीसिया विभाग प्रमुख डॉ. अश्विनी पटेल, सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुण भुमरकर एवं डॉ. राजेश परतेती ने नवआरक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में मरीज की जान बचाने के लिये अपनाई जाने वाली सीपीआर तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सकों की टीम ने डेमो के माध्यम से हृदय गति रुकने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले प्राथमिक उपचार एवं सही तरीके से सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रशिक्षु नवआरक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे किसी भी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर आठवीं वाहिनी की प्रमुख सुश्री निवेदिता गुप्ता, पीटीएस के अधिकारी, स्टाफ एवं प्रशिक्षु नवआरक्षक उपस्थित थे।