टी-सीरीज से रिलीज हुई नीम करोली महाराज विनय चालीसा
धर्म
29-Jul-26
छिंदवाड़ा के कुंवर विश्वेश चंदेल और अनुराधा पौडवाल ने दिए स्वर

छिंदवाड़ा
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जगत से जुड़ी एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। छिंदवाड़ा की धरती में जन्में प्रसिद्ध गायक कुंवर विश्वेश चंदेल ने बताया कि दादा हनुमान जी महाराज एवं गुरुदेव के आशीर्वाद और कृपा से परम पूज्य नीम करोली महाराज जी की नीम करोली महाराज विनय चालीसा विश्व प्रसिद्ध म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज से रिलीज हुई है। इस भक्ति रचना की विशेष बात यह है कि इसमें देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल के साथ स्वर देने का अवसर प्राप्त हुआ है। वहीं इस चालीसा को मशहूर संगीत निर्देशक डॉ. संजयराज गौरीनंदन ने संगीतबद्ध किया है, जिन्होंने अपनी मधुर संगीत संरचना से इसे और अधिक भक्तिमय स्वरूप प्रदान किया है।
गुरूपूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक भेंट
गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रिलीज हुई यह विनय चालीसा श्रद्धालुओं और नीम करोली महाराज के भक्तों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक भेंट मानी जा रही है। इस उपलब्धि को दादा जी महाराज और गुरुदेव के आशीर्वाद का प्रतिफल बताते हुए कलाकार ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया है। भक्ति संगीत के क्षेत्र में टी-सीरीज जैसे प्रतिष्ठित मंच से प्रस्तुति और अनुराधा पौडवाल जैसी दिग्गज गायिका के साथ गायन का अवसर न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर रिलीज हुई यह विनय चालीसा निश्चित रूप से भक्तों के हृदय में विशेष स्थान बनाएगी।