संत रविदास गुरुद्वारे में दीप प्रज्वलित कर समरसता संकल्प अभियान शुरू
राजनीति
29-Jul-26
संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएंगे: शेषराव यादव

छिंदवाड़ा
संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को वार्ड क्रमांक 23 स्थित संत रविदास गुरुद्वारे में दीप प्रज्वलित कर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने समरसता अभियान के जिला सहसंयोजक मनोज चौरे, राकेश माइकल पहाड़े, राजेश डेहरिया जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संत रविदास जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा के उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और विचारों से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने समाज से ऊंच-नीच, भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया तथा सभी को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के सूत्र में बांधने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास जी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। इसी उद्देश्य से उनकी 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 तक समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि संत रविदास जी के विचारों से नई पीढ़ी को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन समाज एवं राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और सर्वजन हिताय की कामना के साथ हुआ।
समाजजनों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
आयोजन में कार्यालय मंत्री भारत घई, भाजपा नेता धर्मेन्द्र मिगलानी, मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, अध्यक्ष रविदास समाज श्याम डोले, पार्षद जगदीश गोदरे, विवेक बंटी राय, अशोक बिंझाड़ेकर, तरूण सोनी, प्रशांत भावरकर, राजकुमार गोनेकर, राजकुमार अहरवार, मनोज मंडराह, रामकिशन पहाड़े, विक्की अहरवार, सोनम अहरवार, संध्या बिंझाड़ेकर सहित बड़ी संख्या में रविदास समाज के श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।