Home News Helpline Classified Jobs About Contact

राष्ट्रीय राजमार्गों में अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

राष्ट्रीय राजमार्गों में अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
छिंदवाड़ा
29-Jul-26
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हुए सख्त

छिंदवाड़ा

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने, दृश्यता बढ़ाने के लिए झाड़ियों की सफाई कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, सोलर स्टड, स्पीड ब्रेकर एवं गति नियंत्रक संकेतक लगाने के निर्देश दिए।

10 अगस्त तक टेमनीखुर्द मार्ग के सुधार कार्य पूरे करने के निर्देश

कलेक्टर ने ग्राम टेमनीखुर्द स्थित घुमावदार मार्ग पर सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इस सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ कर 10 अगस्त 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए सभी विभागों को गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने को कहा।

सुधरेगी शहर के मुख्य मार्गों की व्यवस्थाएं

बैठक में बताया गया कि शास्त्री चौक, खजरी चौक और परासिया मार्ग पर यातायात सुधार एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेषज्ञ रोड सेफ्टी ऑडिट टीम द्वारा निरीक्षण किया गया है। अंतिम तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम को संबंधित चौराहों की ऑटोकैड ड्रॉइंग शीघ्र तैयार कर विशेषज्ञ टीम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

गांधीगंज से पूजा शिवि लॉन सड़क की होगी मरम्मत

बैठक में मोहखेड़, चौरई एवं अमरवाड़ा क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने, गांधीगंज से पूजा शिवि लॉन मार्ग की मरम्मत, कलेक्ट्रेट रोड पर मार्किंग एवं डिवाइडर के रंग-रोगन तथा साईं मंदिर रोड पर नो पार्किंग बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क दुर्घटना में घायलों को प्रधानमंत्री राहत योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए निजी अस्पतालों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा संबंधी सर्वाेच्च न्यायालय की गाइडलाइन और राज्य शासन के निर्देशों के पालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
Share News On