Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नेशनल लेवल मॉनिटर ने किया पशुधन मिशन योजनाओं का निरीक्षण

नेशनल लेवल मॉनिटर ने किया पशुधन मिशन योजनाओं का निरीक्षण
छिंदवाड़ा
11-Oct-26
बकरी पालन एवं चारा विकास इकाइयों का किया भौतिक सत्यापन

पशुपालकों से चर्चा कर जानी योजनाओं की जमीनी स्थिति

छिन्दवाडा अपडेट

भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा नामांकित नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ. एम.टी.मंजुनाथ ने आज छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित केंद्रीय योजनाओं का व्यापक भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण किया। उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस. पक्षवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय निरीक्षण दल ने क्षेत्र के प्रगतिशील पशुपालकों एवं हितग्राहियों की इकाइयों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

09 अक्टूबर को बांकानागनपुर में बकरी पालन इकाई का निरीक्षण 

निरीक्षण के दौरान 09 अक्टूबर को टीम ने ग्राम बांकानागनपुर का भ्रमण किया। यहां प्रगतिशील पशुपालक नवीन सिंह रघुवंशी की 500 बकरी एवं 25 बकरा (500$25) क्षमता वाली वृहद वाणिज्यिक बकरी शेड निर्माण एवं चारा पालन इकाई का अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने पशु प्रबंधन व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 10 अक्टूबर को टीम ग्राम जमुनिया पहुंची, जहां हितग्राही श्री पार्थ काबरा के प्रकरण का अवलोकन किया गया। इस दौरान फोडर विकास योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद टीम ने ग्राम सिलादेही में हितग्राही श्री अनिल पवार की 200 बकरी एवं 10 बकरा (200$10) क्षमता वाली वृहद बकरी पालन इकाई का भौतिक सत्यापन किया।

मोहखेड़ एवं लोनिया में उन्नत बकरी पालन इकाइयों का निरीक्षण

केंद्रीय मॉनिटर ने विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम मोहखेड़ में हर्षित चौरसिया तथा ग्राम लोनिया में पीयूष मालधन के यहां स्थापित 100 बकरी एवं 5 बकरा (100$5) क्षमता वाली उन्नत इकाइयों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी पशुपालकों से चर्चा कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले में राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों तथा 500$25 क्षमता जैसी बड़ी बकरी पालन इकाइयों के सफल संचालन पर विशेष संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.पक्षवार एवं योजना के नोडल अधिकारी डॉ.छत्रपाल तांडेकर उपस्थित थे।
Share News On