Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ.मंजूनाथ ने किया पशुपालन विभाग में निरीक्षण

नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ.मंजूनाथ ने किया पशुपालन विभाग में निरीक्षण
छिंदवाड़ा
09-Oct-26
छिन्दवाडा अपडेट

भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा नामांकित नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ.एम.टी. मंजूनाथ ने जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिये सघन दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय केंद्रों, डेयरी संयंत्रों और पशुधन इकाइयों का भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत में डॉ. मंजूनाथ ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट वाहन का गहन मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने डिस्ट्रिक्ट लैब और जिला पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में एक्स-रे और सोनोग्राफी सुविधाओं का सुचारू संचालन देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा विभागीय टीम के प्रयासों की सराहना की।

इसके बाद डॉ. मंजूनाथ ने सांची डेयरी संयंत्र का निरीक्षण कर दुग्ध प्रसंस्करण एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही खजरी स्थित श्री संस्कृत पुस्तकोन्नति सभा के फॉडर (चारा) केस का अवलोकन किया, जिसे एनएलएम योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

मैदानी स्तर पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोहखेड़ विकासखंड के ग्राम गोहजर में संचालित दुग्ध संग्रहण समिति का जायजा लेकर उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके बाद बिछुआ विकासखंड के ग्राम मुर्रा में श्री शंकर उइके की 200$10 क्षमता वाली बकरी पालन इकाई का भौतिक सत्यापन कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। वहीं, ग्राम खकरा चौरई में विजय चंद्रवंशी की 500$25 क्षमता वाली वृहद बकरी पालन इकाई का निरीक्षण कर उसकी प्रगति रिपोर्ट की जांच की।

दौरे के अंतिम चरण में डॉ. मंजूनाथ ने सिंगोड़ी में एएचआईडीएफ योजना के तहत स्थापित नेपियर जेनेसिस प्लांट का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार, मैनेजर विनोद ठाकरे तथा एनएलएम योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. छत्रपाल तांडेकर विशेष रूप से उपस्थित थे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेख एवं तकनीकी जानकारियां साझा की ।
Share News On