बकाया करों की वसूली पर नगर निगम का सख्त रुख
छिंदवाड़ा
19-Oct-26
वार्ड 1 और 2 में कार्रवाई, 2 बड़े बकायेदारों के नल कनेक्शन काटे गए
10 को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

छिंदवाड़ा अपडेट
नगर पालिक निगम बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली एवं राजस्व सुदृढ़ीकरण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। निगम आयुक्त सी.पी. राय के सख्त निर्देशों एवं सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी के मार्गदर्शन में रविवार को वार्ड क्रमांक 1 एवं वार्ड क्रमांक 2 में बकाया जलकर और संपत्ति कर की वसूली हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
2 बड़े बकायेदारों के नल कनेक्शन काटे
अभियान के दौरान लंबे समय से जलकर एवं संपत्ति कर का भुगतान न करने वाले बड़े बकायेदारों पर नगर निगम की टीम ने कड़ा एक्शन लिया। मौके पर कार्रवाई करते हुए 2 बड़े जलकर बकायेदारों के नल कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए। इसके साथ ही, अन्य 10 बड़े बकायेदारों को 7 दिवस के भीतर अपना बकाया टैक्स जमा करने का अंतिम नोटिस व समय दिया गया है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 7 दिनों के भीतर करों का भुगतान नहीं किया जाता है, तो अगली सख्त कार्रवाई के रूप में संपत्ति कुर्की की जाएगी।
निरंतर जारी रहेगा अभियान
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के सभी वार्डों में राजस्व संग्रहण को गति देने और बड़े बकायेदारों से बकाया राशि वसूलने के लिए यह अभियान इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम छिंदवाड़ा ने सभी नागरिकों एवं करदाताओं से अपील की है कि वे नल कनेक्शन काटे जाने, कुर्की जैसी अप्रिय दंडात्मक कार्रवाई और कानूनी झंझटों से बचने के लिए अपने बकाया संपत्ति कर व जलकर का समय पर भुगतान कर नगर विकास में अपना सहयोग प्रदान करें।