Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

स्वच्छता मिशन को लेकर नगर निगम ने बांटी जिम्मेदारियां

स्वच्छता मिशन को लेकर नगर निगम ने बांटी जिम्मेदारियां
छिंदवाड़ा
05-Apr-26
सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता के लिए रहेगा जोर

छिन्दवाडा 

नगर पालिक निगम में आज स्वच्छ भारत मिशन 2025-26 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने निगम सभा कक्ष में की। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई उनमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) तथा कचरा प्रोसेसिंग की प्रगति और सुधारात्मक उपाय प्रमुख रूप से शामिल रहे। नगर निगम आयुक्त श्री राय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करें तथा स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समन्वित प्रयास करें।

बैठक में “विज़िबल क्लीनलीनेस” (दृश्य स्वच्छता) और नागरिक फीडबैक को स्वच्छता मूल्यांकन का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने एवं सकारात्मक फीडबैक प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया गया।

नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरे को नालियों में न डालें तथा कचरा न जलाएं। कॉलोनियों की बैकलेन एवं नैरो लेन की सफाई की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। साथ ही दीवारों, पोल्स एवं सेल्फी पॉइंट्स पर लगे अनावश्यक स्टिकर्स हटाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैंड, अस्पताल एवं प्रतीक्षालय, जहां लोगों का आवागमन अधिक रहता है, वहां विशेष रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मालवीय, नोडल अधिकारी अभिनव कुमार तिवारी, समस्त इंजीनियर, जोनल अधिकारी, वार्ड दरोगा, पीआईयू टीम एवं आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित थे। अंत में नगर निगम आयुक्त श्री राय ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सके।
Share News On