Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सांसद ने उच्च श्रेणी शिक्षक का निलंबन समाप्त करने कलेक्टर को लिखा पत्र

सांसद ने उच्च श्रेणी शिक्षक का निलंबन समाप्त करने कलेक्टर को लिखा पत्र
राजनीति
19-Aug-26
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने की सांसद से मुलाकात और दिया ज्ञापन

छिन्दवाड़ा

तामिया विकासखंड के ग्राम बिजोरीपठार में अध्ययनरत उच्च श्रेणी शिक्षक राजेन्द्र परतेती का निलंबन समाप्त किए जाने को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने सांसद बंटी विवेक साहू से मुलाकात करते हुए उन्हे ज्ञापन सौंपा है। उक्त मामले को लेकर सांसद श्री साहू ने मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा करने के बाद उक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल ही कलेक्टर हरेन्द्र नारायण को पत्र प्रेषित करते हुए उच्च श्रेणी शिक्षक राजेन्द्र परतेती का निलंबन समाप्त किए जाने के लिए पत्र लिखा है।

सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा कलेक्टर को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन की छवि बनाने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लिखा है कि राजेन्द्र परतेती उच्च श्रेणी शिक्षक जो कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं और भूमिस्वामी होने के कारण कृषक भी है। उनकी भूमि सीमांकन संबंधी आवेदन चार वर्षों से तामिया में लंवित है। उनके द्वारा अभियान के अंतर्गत छिन्दी तामिया में लगाए गये शिविर में आवेदन प्रस्तुत कर निवेदन किया गया।

सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा कलेक्टर को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि शासकीय कर्मचारी होने के आधार पर विभिन्न आरोप लगाकर उन्हें निलंवित कर दिया गया है जबकि संबंधित अनुसूचित जनजाति वर्ग का कर्मचारी राजेन्द्र परतेती द्वारा आनलाईन पोर्टल में समस्या होने पर विभागीय व्हाटसएप समूह में आवेदन प्रस्तुत कर अवकाश का निवेदन कर लिया गया था। उन्होंने कलेक्टर को पत्र के माध्यम से लिखा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन द्वारा आम जनता, किसानों के मन में संवेदनशील शासन की छवि बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से प्रशासन और शासन की छबि धूमिल हो रही है। अभियान से जनता को विश्वास हो रहा है कि हमारी सरकार उनकी समस्याओं का समाधान के लिये कृत संकल्पित है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को बताया है कि राजेन्द्र परतेती उच्च श्रेणी शिक्षक द्वारा शाला के विकास हेतु अपनी निजी राशि से निर्माण कार्य कराया गया है। उसका सीमांकन प्रकरण चार वर्ष से लंवित होने पर आवेदन प्रस्तुत करने पर उसे निलंवित करना अनुचित है। सांसद बंटी विवेक साहू ने मध्यप्रदेश शिक्षक संघ छिन्दवाडा के ज्ञापन के आधार पर प्रकरण में संज्ञान लेकर कलेक्टर को लिखा है कि शिक्षक राजेन्द्र परतेती के प्रकरण में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उसे बहाल करे और सभी प्रकार की कार्यवाही समाप्त करे तथा जिन अधिकारियों ने शिक्षक का राजस्व प्रकरण लंबित रखा है, उनके विरुद्ध कार्यवाही कराने का कष्ट करें। 
Share News On