Home News Helpline Classified Jobs About Contact

चौरई में आयोजित 60वें तुलसीदास जयंती समारोह में शामिल हुए सांसद

चौरई में आयोजित 60वें तुलसीदास जयंती समारोह में शामिल हुए सांसद
धर्म
19-Aug-26

सांसद ने कला मंच निर्माण के लिए सांसद निधि से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की

गोस्वामी तुलसीदास ने भगवान श्री राम को घर-घर तक पहुंचाया: बंटी विवेक साहू

छिन्दवाड़ा

चौरई नगर में आयोजित 60वां तुलसीदास जयंती समारोह जिले में ही नही अपितु प्रदेश में होने वाला सबसे बड़ा आयोजन है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पिछले 60 वर्षों से आयोजन समिति द्वारा काफी मेहनत की जाती है। मैं सभी को गोस्वामी तुलसीदास जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को धर्म से जोड़ने का प्रमुख माध्यम बन गए है। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने चौरई नगर में आयोजित 60वें तुलसीदास जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।  

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने वाल्मीकी रामायण को आम जनमानस की भाषा में लिखते हुए श्रीरामचरितमानस की रचना की थी। आज भी हम जब रामचरितमानस का पाठन करते है तो हम अपने आप को भगवान राम के युग में पाते है और हमें आनंद की अनुभूति होती है। गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के माध्यम से घर-घर तक भगवान श्री राम को पहुंचाया है। इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे एवं चौरई विधायक चौधरी सुजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम और गोस्वामी तुलसीदास जी के प्रति श्रद्धा अर्पित की। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नागरिक एवं विभिन्न मंडलों के सदस्य शामिल हुए। समारोह के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने सांसद निधि से कला मंच के निर्माण एवं विकास के लिए 5 लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं और मंच उपलब्ध होने से क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को और प्रोत्साहन मिलेगा।

चौरई में आयोजन के दौरान नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सांसद बंटी विवेक साहू, पूर्व विधायक रमेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा, समारोह में महिला जस प्रतियोगिता एवं पुरुष जस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। दोनों प्रतियोगिताओं में करीब 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, महिला मंडलों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही पुरुष जस गायन, धार्मिक झांकियां, शैला नृत्य एवं प्रदेश स्तरीय मानस पाठ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विभिन्न मंडलों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों ने समारोह की भव्यता बढ़ाई, वहीं शैला नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं मंडलों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि तुलसीदास जयंती समारोह की 60 वर्षों से चली आ रही परंपरा चौरई की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। सावन माह में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस समारोह में क्षेत्रभर से श्रद्धालु एवं नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। समारोह में विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मदन राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, तुलसी जयंती समारोह अध्यक्ष ईश्वर सिंह चौधरी, अनुराग माहेश्वरी, सचिन वर्मा, सुरेश शर्मा, सुमित सराठे, विनोद पाल, पंकज साहू,गुड्डू शर्मा, गोलू तिवारी, पप्पू शर्मा, मनीष मलानी, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share News On