ड्रग्स सप्लाई और उपलब्धता पर कठोर कार्यवाही करने सांसद ने लिखा पत्र
राजनीति
31-Aug-26
छिंदवाड़ा

सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले में युवाओं का ड्रग्स (व्हाईट पावडर) की लत से बचाने के लिये नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के उपयोग, आपूर्ति, तस्करी को रोकने के लिये कठोर कार्यवाही करने के संबंध में पुलिस को पत्र लिखा है। जबलपुर रेज के आईजी व छिंदवाड़ा के डीआईजी सहित छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे और पांढुर्णा पुलिस अधीक्षक प्रकाशचन्द्र परिहार को लिखे गये पत्र में सांसद बंटी विवेक साहू ने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नशामुक्ति अभियान को देश के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण मानते है। इसलिये नशामुक्ति उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने नशामुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान की शुरुआत की है। विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा अनिवार्य है। इसलिए, देश और खुद के सपनों को पूरा करने के लिए युवाओं का नशा मुक्त रहना बेहद जरूरी है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने पत्र में लिखा है कि प्रायः देखा जा रहा है कि जिले में बड़ी संख्या में युवा नशे/ड्रग्स का शिकार हो रहे हैं, जिसकी एक वजह जिले में नशीले पदार्थ/ड्रग्स (व्हाईट पावडर) की आसानी से उपलब्धता है। उन्होंने लिखा है कि नशीले पदार्थ मिलना एवं युवाओं का नशा के लिये ड्रग्स का सेवन करना यह सिद्ध करता है कि जिले में ड्रग्स / नशीले पदार्थों की उपलब्धता है। युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिये जिले में आ रहे नशीले पदार्थों की तस्करी, आवक को रोकना अति आवश्यक है। सांसद बंटी विवेक साहू ने पत्र में लिखा है कि नशीले पदार्थों ड्रग्स (व्हाईट पावडर) की सप्लाई, उपलब्धता वाले स्थानों को चिन्हित कर रोकने के लिये सक्रिय कठोर कार्यवाही करने का कष्ट करें।