Home News Helpline Classified Jobs About Contact

लोकसभा में सांसद बंटी विवेक साहू ने उठाए करदाताओं और रेल सुविधा से जुड़े मुद्दे

लोकसभा में सांसद बंटी विवेक साहू ने उठाए करदाताओं और रेल सुविधा से जुड़े मुद्दे
देश
03-Aug-26
नई आयकर व्यवस्था के प्रचार, छिंदवाड़ा के करदाताओं की जानकारी और सोनागिर में पातालकोट एक्सप्रेस के स्टॉपेज की उठाई मांग

छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद बंटी विवेक साहू ने सोमवार को लोकसभा के मानसून सत्र में क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने एक ओर नई आयकर व्यवस्था के प्रचार-प्रसार, करदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं और छिंदवाड़ा के लाभार्थियों की जानकारी मांगी, वहीं दूसरी ओर दतिया जिले के जैन तीर्थ सोनागिर जैन तीर्थ में पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी की।

लोकसभा में तारांकित प्रश्न क्रमांक-211 के माध्यम से सांसद ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से पूछा कि क्या आयकर विभाग ने आयकर अधिनियम-2025 की नई व्यवस्था को अपनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया है तथा छिंदवाड़ा सहित प्रदेश में इससे कितने करदाता और व्यापारी जुड़े हैं। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि नई मौद्रिक सीमाओं से कर विवादों और मुकदमेबाजी में कितनी कमी आई तथा करदाताओं को क्या राहत मिली।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने दिया सांसद के सवाल का जवाब

लोकसभा में दिए उत्तर में केंद्रीय वित्त मंत्री ने बताया कि आयकर विभाग ने मिशन विकसित भारत के तहत देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाया है। इसके अंतर्गत बहुभाषी पुस्तिकाएं, डिजिटल सामग्री, एआई आधारित कर साथी चौटबॉट, कार्यशालाएं और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई 2026 को छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 100 करदाता एवं हितधारकों ने भाग लिया, जबकि मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्र में 31 कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 2,500 लोगों तक पहुंच बनाई गई। वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि संशोधित मौद्रिक सीमा के कारण छिंदवाड़ा से आयकर अपीलीय अधिकरण (आईटीएटी) के दो मामलों में लगभग 55 लाख रुपये की विवादित कर मांग वापस ली गई है। साथ ही पिछले 12 वर्षों में फेसलेस असेसमेंट, प्री-फिल्ड आईटीआर, नए फॉर्म-26एएस और अन्य डिजिटल सुधारों से करदाताओं को बड़ी सुविधा मिली है।

प्रसिद्ध जैन तीर्थ सोनागिर में पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव का मुद्दा भी उठाया

इसी दिन सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में नियम-377 के तहत दतिया जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ सोनागिर में 20423/20424 पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि सोनागिर जैन समाज की प्रमुख आस्था का केंद्र है और छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, मंडला, नरसिंहपुर सहित कई जिलों के श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। वर्तमान में क्षेत्र से सोनागिर के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में पातालकोट एक्सप्रेस का स्टॉपेज स्वीकृत होने से हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी धार्मिक यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
Share News On