Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नगरीय निकाय चुनाव में बढ़े हुए टैक्स को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस

नगरीय निकाय चुनाव में बढ़े हुए टैक्स को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस
राजनीति
03-Aug-26
नगरीय निकाय चुनाव के लिए जमीन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस

शहर के वार्डों में क्रमबद्ध तरीके से हो रही बैठकें

छिन्दवाड़ा

कांग्रेस नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह से जुट चुकी है। चुनावी रण के लिए जमीन को और अधिक मजबूत करने के साथ ही परिस्थितियों को अपने अनुकूल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण अब शहर के वार्डों में पूरी सतत रूप से सक्रिय हो चुके हैं। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ ही चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जा रही है।

शहर कांग्रेस के उप ब्लॉक के गांधी गंज स्थित वार्ड क्रमांक 17 सुकलूढ़ाना एवं वार्ड क्रमांक 18 में आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधि गंगाप्रसाद तिवारी ने उपस्थित बीएएल व बूथ प्रभारियों व वार्ड अध्यक्षों से वार्ड स्तर पर पार्टी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव की जीत का रास्ता वार्डों से होकर निकलता है, इसीलिये सभी अपने-अपने वार्डों को मजबूत करें और यह एक दिन में नहीं होगा, इसके लिए सतत रूप से सक्रिय रहने की आवश्यकता है। 

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने कहा कि महिला पदाधिकारी अपनी क्षमताओं को समझें, क्योंकि हर घर की रसोई तक सिर्फ महिला ही पहुंच सकती है, इसीलिये हर घर और हर रसोई तक पहुंचकर महंगाई को लेकर मातृशक्ति से खुलकर बात करें।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर पालिक निगम ने टैक्स के नाम पर जनता से जमकर राशि वसूली है, लेकिन बदले में सुविधाएं कुछ भी नहीं दी। जबकि कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी के कार्यकाल में कभी जनता पर टैक्स का बोझ नहीं डाला गया और सुविधाएं भी अव्वल दर्जे की प्राप्त हुई। उन्होंने उपस्थित वार्ड अध्यक्षों व महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि इन बातों को अधिक से अधिक जनता तक पहुंचाया जाए ताकि आम नागरिक कांग्रेस और भाजपा के शासन में अंतर समझें। आयोजित बैठक में वार्ड क्रमांक 17  एवं वार्ड क्रमांक 18 के समस्त कांग्रेस पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, बी. एल.ए, बूथ प्रभारीगण, वार्ड अध्यक्षगण सहित कांग्रेस के मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Share News On