आरटीआई और सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों को गंभीरता से लें अधिकारी
छिंदवाड़ा
03-Aug-26
समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण पर जोर

छिन्दवाडा
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों, जनहित के मामलों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त लंबित शिकायतों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत पर ध्यान दें और पूरी गंभीरता के साथ आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान किया जाए।
बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिनियम के तहत सेवा प्रदायगी पूरी जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्यमंत्रीजी के छिंदवाड़ा जिले में प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई और तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों एवं अन्य समय-सीमा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और आमजन को समय पर योजना का लाभ दिलाएं। बैठक में एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय स्तर के अधिकारी उपस्थित थे। जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।