बच्ची के दुखद निधन पर सांसद बंटी विवेक साहू ने जताया दुख
राजनीति
22-Aug-26
सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के लिए कहा

छिन्दवाड़ा
जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर में अचानक ही स्पार्क होने के बाद आग पकड़ने से तीन बच्चे झुलस गए थे। जिन्हें तत्काल ही प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इस तीन बच्चों में से पूर्व से ही गंभीर रूप से बीमार खापाबिहारी चांद निवासी शिवानी पति आदित्य वर्मा की बच्ची का दुखद निधन हो गया है। उक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने तत्काल ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र प्रेषित करते हुए उक्त घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करनेे के लिए पत्र लिखा है।
बच्ची के दुखद निधन पर सांसद बंटी विवेक साहू ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना काफी दुखद है। इस दुख की घड़ी में भाजपा सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हैं। अन्य दो बच्चों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्हें बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के नर्सिंग स्टॉफ, चिकित्सकों एवं प्रशासन द्वारा घटना के बाद तत्काल ही सर्तकता बरतते हुए तीनों बच्चों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए बेहतर ईलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि एसएनसीयू में भर्ती अन्य मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कराते हुए उन्हें बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सांसद बंटी विवेक साहू ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत बच्ची को अपने श्री चरणों में स्थान देते हुए उसे मोक्ष प्रदान करे और इस दुख की घड़ी को सहन करने की परिवारजनों को शक्ति दे।