स्व. वानखेड़े की पुत्री को डीएड कराएंगे सांसद बंटी साहू
छिंदवाड़ा
14-Apr-26
बस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों और पीड़ितों से की मुलाकात
छिन्दवाड़ा
विगत दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया है उस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है यह केवल उन परिवारों का ही नही हम सभी का दुख है, यह कहना है सांसद बंटी विवेक साहू का। मंगलवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने मोहखेड़ विकासखण्ड के ग्राम करेर, ग्वारा, झिरिया, झामटा व अन्य स्थानों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करते हुए उन्हें सांत्वना दी और सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद बंटी विवेक साहू ने झिरिया के पीड़ित परिवार स्वर्गीय मुधकर वानखेड़े की पुत्री को डीएड की पढ़ाई मे आने वाला संपूर्ण खर्च दिए जाने की घोषणा की। पीड़ित परिजनों से मुलाकात के अवसर पर राहुल मोहोड़, गगन घटकड़े, बंटी पटेल, संतोष पटेल, गोलू नागरे, रोहित पोफली, रवि मालवीय, बिट्टू मंडराह, मदन साहू, विशवेन्द्र बैस, विजेन्द्र दीक्षित, शैलेश चोपड़े, जयंत साहू आदि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों सांसद बंटी विवेक साहू के पुत्र वंश कृष्णा साहू एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात करते हुए प्रत्येक परिवार को 50-50 हजार की व्यक्तिगत सहायता राशि प्रदान की थी।
इन पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
सांसद बंटी विवेक साहू और भाजपा के पदाधिकारियों एवं नेताओं ने मंगलवार को छिन्दवाड़ा और मोहखेड़ के गांवों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। जिसमें ग्राम करेर से दानसिंह विश्वकर्मा, फकीर फरकारे, तिलकचंद यादव, सुख्लू पराने, कृष्णा इवनाती, ग्राम ग्वारा में पागलाल उईके, छिन्दवाड़ा में संतलाल डेहरिया व मोनू डेहरिया, ग्राम झामटा में रतिराम धारे, ग्राम झिरिया में इठोबा वानखेड़े सहित अन्य पीड़ित परिवार शामिल है।