हाई स्कूल पिंडरई कलां में चित्रों के माध्यम से वन्य प्राणी बचाने दिया संदेश
शिक्षा
04-Oct-26
चित्रलेखा प्रतियोगिता में 50 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

छिंदवाड़ा अपडेट
वनों और वन्यजीवों का हमारे जीवन में क्या महत्व है तथा आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए इनका संरक्षण क्यों आवश्यक है, इस विषय पर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति के तत्वावधान में हाई स्कूल पिंडरई कलां में जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीता चटर्जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्रतिनिधि ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति द्वारा 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्थानीय विद्यालयों के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में हाई स्कूल पिंडरई कलां में श्वन एवं वन्यजीव संरक्षणश् विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले समापन समारोह में पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या रीता चटर्जी, जैनिफर खैस, सविता साहू तथा लीना कटरे का सराहनीय योगदान एवं विशेष सहयोग रहा।