प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव का संदेश
छिंदवाड़ा
03-May-26
सत्य और संतुलन ही पत्रकारिता की ताकत: शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिले के सभी पत्रकार बंधुओं, संपादकों एवं मीडिया कर्मियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। अपने संदेश में श्री यादव ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आत्मा है और एक सशक्त, जागरूक एवं जवाबदेह समाज के निर्माण में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने, जनहित के मुद्दों को सामने लाने और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने का प्रभावी साधन भी है।

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक पत्रकारों ने हर दौर में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए समाज को दिशा देने का कार्य किया है। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने में भी उस समय की पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज भी पत्रकारिता जनचेतना जगाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अहम योगदान दे रही है।
श्री यादव ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विस्तार ने सूचनाओं की पहुंच को व्यापक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने फेक न्यूज़, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों से बचते हुए सत्य, संतुलन और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की भूमिका केवल समाचार प्रस्तुत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने, जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने और जिम्मेदार संवाद को बढ़ावा देने का कार्य भी करना चाहिए। निष्पक्षता, सत्यता और संवेदनशीलता के साथ की गई पत्रकारिता न केवल लोकतंत्र को सशक्त बनाती है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का भी माध्यम बनती है। श्री यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निष्पक्षता और साहस के साथ सच्चाई को सामने लाते रहेंगे तथा लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।