Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

चौरई में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हाथों की मेंहदी में लिखा अंतिम संदेश

चौरई में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हाथों की मेंहदी में लिखा अंतिम संदेश
क्राइम
12-Jul-26
हाथ-पैरों पर लिखे संदेशों की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कर पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

छिंदवाड़ा/चौरई

चौरई थाना क्षेत्र के ग्राम चन्हियाखुर्द में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मामले को उलझाने वाली सबसे अहम कड़ी मृतका के हाथों और पैरों पर मेहंदी से लिखे गए संदेश बने हैं। पुलिस इन्हें जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए हर पहलू से पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका प्रीति वर्मा (32) की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले जिला अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मेहंदी में लिखे संदेशों की कराई फोटोग्राफी

जांच के दौरान पुलिस की नजर मृतका के हाथों और पैरों पर मेहंदी से लिखे कुछ संदेशों पर पड़ी। इन संदेशों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उनकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। अधिकारियों का मानना है कि ये संदेश मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इन्हें केस डायरी का हिस्सा बनाया गया है और अन्य साक्ष्यों के साथ इनका भी परीक्षण किया जाएगा।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मेहंदी से लिखे गए संदेश कब और किन परिस्थितियों में लिखे गए थे तथा उनका घटना से कोई संबंध है या नहीं।

परिजनों से पूछताछ जारी

पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही विवाहिता के वैवाहिक जीवन, पारिवारिक परिस्थितियों और हाल के घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू की है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, किसी भी कारण या जिम्मेदारी को लेकर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
Share News On