महिला कांग्रेस एक वर्ष तक निःशुल्क वितरित करेगी सेनेटरी पैड
राजनीति
22-Sep-26
एमएलबी कन्या छात्रावास में स्थापना दिवस सप्ताह पर महिला कांग्रेस का कार्यक्रम

छिन्दवाड़ा
जिला महिला कांग्रेस ने स्थापना दिवस सप्ताह मना रही है। इसके तहत मातृशक्ति व बेटियों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जिला महिला कांग्रेस एवं शहर महिला कांग्रेस के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित एमएलबी छात्रावास में 100 सेनेटरी पैड का निःशुल्क वितरण किया गया। जिला महिला कांग्रेस ने यह संकल्प लिया है कि आगामी एक वर्ष तक सतत रूप से मातृशक्ति व बेटियों को निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रीना बोरासी के निर्देशानुसार छात्राओं को 100 सेनेटरी पैड वितरित किए गए है। महिला कांग्रेस हर महीने 1 वर्ष तक छात्राओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित करेगी यह संकल्प लिया गया। यह कार्यक्रम छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं स्वच्छता के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी द्वारा छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र में स्थापित विभिन्न स्किल सेन्टरों की जानकारी से अवगत कराया साथ ही संचालित विषयों की भी विस्तार से जानकारी साझा की। इन स्किल सेन्टरों से प्रशिक्षण उपरांत रोजगार प्राप्त करने के अवसर अथवा स्वयं के रोजगार स्थापित करने में मिलने वाली मदद की भी जानकारी दी।
महिला कांग्रेस की प्रभारी श्रीमती मंजू बैस ने सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तम धन स्वस्थ काया होती है। मातृशक्ति व बेटियों के अच्छे स्वास्थ्य व उनमें जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जो सतत रूप से हर माह पूरे वर्ष किए जाएंगे। उन्होंने समस्त बेटियों को स्वच्छता का संदेश देने के साथ ही सेनेटरी पैड के फायदें भी गिनवाए। उन्होंने बेटियों को गुड टच व बैड टच की भी जानकारी दी।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दीपा यादव ने स्वास्थ्य और बच्चों को देश का भविष्य बताया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और सतत रूप से आगे बढ़ने के लिए कहते हुए उनका मनोबल बढ़ाया साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
आयोजित कार्यक्रम को जिला महिला कांग्रेस कार्य. अध्यक्ष रानू डेहरिया, एससी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष संतोषी गजभिये ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर मंजू वेस, सरला सिसोदिया, रानू डेहरिया, दीपा यादव, संतोषी गजविए, रजिया बानो, रेनू तिवारी, शबाना यासमीन, साकची चौबे, ममता चोखे, ज्योति डेहरिया, यासमीन कुरैशी, माया सूर्यवंशी, मीडिया प्रभारी स्वप्निल शर्मा शामिल हुए। होस्टल अधीक्षिका परवीन मंसूरी के मार्गदर्शन में प्राचार्य अलका श्रीवास्तव की अनुमति से गरिमा बत्ता ने आभार प्रदर्शन किया।