महिला कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ किया प्रदर्शन
राजनीति
18-Jun-26
छिन्दवाड़ा
राज्यसभा चुनाव में मप्र से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने का कड़ा विरोध करते हुए छिन्दवाड़ा जिला महिला कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी चौक पर कड़ा रोष व्यक्त किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सख्त मौजूदगी के बीच जिला महिला कांग्रेस की मातृशक्ति ने पूरे संघर्ष और साहस के साथ मप्र के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव का पुतला फूंका। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित और लोकतंत्र की हत्या करार किया। सत्ता के दबाव में की जा रही इस असंवैधानिक और निंदनीय कार्रवाई के खिलाफ महिला कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। यह लड़ाई अब केवल नामांकन की नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। भाजपा ने महिला प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर अपना नारी विरोधी चेहरा भी जनता के सामने लाया है। एक ओर भाजपा नारी सम्मान की बात करती है और दूसरी ओर नारी की शक्ति से डरकर चुनाव मैदान में आने से पहले ही उसे रास्ते से हटा देती है।
जिला महिला कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के अंत में विनम्रतापूर्वक आग्रह करते हुए कहा कि देश के जनमत वाले लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के मामले को गम्भीरता पूर्वक लेते हुए निष्पक्ष व ठोस कार्रवाई करें ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष रहें और जनता का चुनाव पर भरोसा बना रहे। अगर ऐसा ही होता रहा तो वह दिन दूर नहीं जब जनता का चुनाव आयोग संवैधानिक संस्थाओं से भरोसा उठ जाएगा। आयोजित पुतला दहन और ज्ञापन में किरण चौधरी, मंजू बैस, हंसा दाढ़े, दीपा यादव, रेनु तिवारी सहित पांचों उप ब्लॉक की अध्यक्षगण सहित कांग्रेस की समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।