किसानों की समस्याओं को लेकर किसान मोर्चा अध्यक्ष रघुवंशी कलेक्टर से मिले
छिंदवाड़ा
14-May-26
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने दायित्व ग्रहण करने के पश्चात जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण से प्रथम सौजन्य भेंट की। इस औपचारिक मुलाकात के दौरान जिले के किसानों एवं अन्नदाताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने जिले के किसानों को वर्तमान समय में आ रही समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने विशेष रूप से गेहूं खरीदी केंद्रों पर किसानों को हो रही तकनीकी एवं व्यावहारिक परेशानियों के त्वरित निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी उपज का समय पर और पारदर्शी तरीके से क्रय सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही खाद वितरण व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। श्री रघुवंशी ने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का वर्तमान समय अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में किसानों को खाद एवं कृषि संसाधनों की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
श्री रघुवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसान हितों के प्रति पूर्णतः समर्पित है और किसान मोर्चा किसानों की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों का सशक्तिकरण और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान ही किसान मोर्चा का प्रमुख संकल्प है।
जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक एवं सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की बात कही गई।