Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कमल नाथ का सरकार पर तीखा हमला, कहा जनता से हर बात पर झूठ बोल रहे

कमल नाथ का सरकार पर तीखा हमला, कहा जनता से हर बात पर झूठ बोल रहे
छिंदवाड़ा
07-Feb-26
जनता से कोरा झूठ बोल रही सरकार, मप्र बेरोजगारी में देश में नम्बर एक पर है- कमलनाथ

 छिन्दवाड़ा

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ दो दिवसीय दौरे पर छिन्दवाड़ा पहुंचे। विशेष वायुयान से इमलीखेड़ा हवाई पट्‌टी पर पहुंचे नेताद्वय का कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आमजन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित कांग्रेसजन ने पुष्पहार व पुष्प गुच्छ भेंट किए। वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने नेताद्वय की अगवानी की।

 हवाई पट्‌टी पर उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित आमजन से कमलनाथ व नकुलनाथ ने भेंट की। इस दौरान उपस्थित मीडिया के साथियों ने प्रश्न किया कि मप्र की भाजपा सरकार कह रही है कि प्रदेश में बेरोजगारी सिर्फ 1.05 प्रतिशत रह गई है, जबकि सच्चाई यह है कि बेरोजगारी का प्रतिशत 15 से भी अधिक है। प्रत्युत्तर में कमलनाथ ने कहा कि सरकार का यह बयान दर्शाता है कि झूठ बोलने का भी कोई स्तर अब शेष नहीं रहा। हर बात पर झूठ बोलना अच्छी बात नहीं है। यह बात सभी जानते हैं कि बेरोजगारी हर घर व हर परिवार के साथ ही जिले व प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या है। बेरोजगारी की बात करें तो मप्र देश में नम्बर एक पर है। सरकार जनता से झूठ बोल रही कि बेरोजगारी का प्रतिशत कम हुआ है। प्रश्न यह उठ रहा है कि सरकार ने ऐसे कौने से ठोस व कारगार कदम उठाए हैं जिससे युवा पीढ़ी रोजगार से जुड़ रही। शासकीय भर्तियां लम्बे समय से हुई नहीं जो कुछ थोड़ी बहुत भर्तियां निकली वे भी घोटाले की भेंट चढ़ गई।

 सच्चाई तो यह है कि युवा नौकरी की चाह में ओवर एज होकर घरों में बैठ गए, किन्तु उन्हें रोजगार नहीं मिला। सरकार के आंकड़ों और कागजों में अवश्य बेरोजगारी कम हुई होगी, किन्तु जमीनी स्तर पर आज भी युवा रोजगार की चाह में भटक रहा। सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल है। ऊपर से सरकार के ऐसे दावे करना बेहद निंदनीय है।   

रविवार का दौरा कार्यक्रम

 08 फरवरी रविवार को पूर्व निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार कमलनाथ  एवं नकुलनाथ का दोपहर 12 बजे सौंसर आगमन होगा। आगमन उपरांत नेताद्वय सौंसर विधायक विजय चौरे की सुपुत्री के आशीर्वाद समारोह में सम्मिलित होंगे। तत्पश्चात कमलनाथ एवं नकुलनाथ का दोपहर 1.30 बजे ईमलीखेड़ा हवाई पट्‌टी पर आगमन होगा यहां से नेताद्वय विशेष वायुयान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।