हरियाली अमावस्या पर निकली कलश और तिरंगा यात्रा
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
‘एक पेड़ मां के नाम’ किया पौधरोपण

छिंदवाड़ा
ग्राम मेघा सिवनी में हरियाली अमावस्या के अवसर पर नवांकुर संस्था अनमोल सृजन शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति सेक्टर क्रमांक-1 द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नवांकुर सखी योजना के अंतर्गत कलश यात्रा के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कलश यात्रा माता रानी मंदिर से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए बोरिंग के पास पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी किया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष चित्रलेखा बंदेवार सहित ग्राम की महिलाएं मौजूद रहीं। संस्था की सदस्य वैष्णवी पहाड़े और गरिमा यादव ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।
स्कूल से बाजार चौक तक निकली तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मेघा सिवनी के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने इसमें सहभागिता की। तिरंगा यात्रा स्कूल से प्रारंभ होकर बाजार चौक पहुंची और वापस विद्यालय में आकर संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष चित्रलेखा बंदेवार, नवांकुर संस्था की सदस्य वैष्णवी पहाड़े, गरिमा यादव, सपना मार्को, भूमिका समवेकर और खुशी बंदेवार सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिक्षिकाओं को पौधे भेंट, बच्चों को बांटे बिस्किट
नवांकुर हरियाली सखी योजना के अंतर्गत शिक्षिकाओं को पौधे भेंट किए गए। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को बिस्किट वितरित किए गए।