कैकई ने मांग लिए महाराज दशरथ से वरदान
धर्म
10-Oct-26
एक में मांगा राज भरत को, दूजे में राम के लिए 14 वर्ष वनवास

छिंदवाड़ा अपडेट
पिछले चार दिनों से जारी छिंदवाड़ा का प्रतिष्ठित श्री रामलीला मंडल की महारामलीला केवल देश में ही नहीं वरन विदेशों में भी खूब सराहना प्राप्त कर रहा है। मंडल के उपाध्यक्ष मयंक चौरसिया एवं आशु चौरसिया ने विवरण देते हुए कहा कि चौथे दिन श्री राम वन गमन एवं चित्रकूट प्रवास की लीला खेली गई जिसमें श्री राम विवाह के बाद अयोध्या में भारी उत्सव मनाया गया जो वर्षों तक जारी रहा। राजा दशरथ द्वारा श्री राम के राजतिलक की घोषणा की गई इसके बाद देवताओं में हलचल मच गई।
माता सरस्वती से सभी ने आग्रह किया कि इसकी कोई युक्ति सुझाएं। सरस्वती जी मंथरा के कंठ में विराजमान हो गई मंथरा जो कि कैकई की सबसे करीबी दासी थी उसने कैकई को अपनी बातों के वशीभूत कर राजा दशरथ से देवासुर संग्राम के दौरान प्राप्त वरों को मांग लेने की बात पर उन्हें मना लिया। केकई कोप भवन में जाकर बैठ गई जबकि पूरे अयोध्या में मंगल गान गाया जा रहा था रामराज अभिषेक की जोरों शोरों से तैयारियां जारी थी राजा दशरथ को जब इस बात का पता चला कि कैकई कोप भवन में जा बैठी हैं तो उन्होंने नाराज़गी का कारण जानना चाहा तब केकई ने राजा दशरथ से अपने दो वर मांग लिए जिसमें पहला भरत को राज्य देकर उनका राजतिलक करना था वही दूसरा वर प्रभु श्री राम को 14 वर्ष के लिए वनवास भेजना था।
हताश हुए दशरथ ने अपने वचनों का पालन करते हुए श्री राम को भारी मन से वन जाने की आज्ञा दी श्रीराम ने इसे स्वीकारते हुए माता कौशल्या से आज्ञा ली इस दौरान सीता ने साथ जाने की जिद की वहीं लक्ष्मण भी साथ हो लिए। महामंत्री सुमंत सहित दोनों राजकुमार तमसा तट तक पहुंचते हैं। मंडल के सदस्य अभिषेक गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया।
इन्होंने निभाया बेहतरीन किरदार
सहनिर्देशक अभिजीत मुदलियार ने बताया कि दशरथ की शसक्त भूमिका में श्रांत चंदेल दिखाई दिए इसके साथ ही श्री राम की प्रमुख भूमिका में रजत पांडे सुशोभित हैं वही सीता की खूबसूरत भूमिका प्रज्ञांश शुक्ल अदा कर रहें है, लक्ष्मण का शानदार अभिनय आयुष शुक्ला द्वारा निभाया जा रहा है। कैकई के मजबूत किरदार में धीरज डेहरिया ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संरक्षक राजू माहोरे महामंत्री सुमंत के तौर पर दर्शकों को प्रभावित करते दिखे। सुमित्रा के किरदार में जय मालवी ने अपनी सुरीली आवाज से सभी का मन मोह लिया वहीं माता कौशल्या का संजीदा किरदार निभाकर अजय चौकसे ने एवं मंथरा का अभिनय डॉ पवन नेमा ने निभाकर सभी की वाहवाही बटोरी। पटकथा निर्देशक श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि आज श्री रामलीला मंच पर निषादराज संवाद एवं दशरथ देहत्याग लीला खेली जाएगी। जिसमें छिंदवाड़ा - पांढुर्ना के सांसद श्री विवेक बंटी साहू केवट की भूमिका में नज़र आयेंगे।