छिंदवाड़ा में बने जेजे जीन्स के कपड़े विदेशों में बिकेंगे!
विदेश
17-Aug-26
दिल्ली में लगे गारटेक्स इंडिया-2026 में की सहभागिता

छिन्दवाडा
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 06 से 08 अगस्त 2026 तक आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित गारटेक्स इंडिया-2026 प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की 04 एमएसएमई इकाइयों ने सहभागिता कर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस आयोजन में मध्यप्रदेश से कार्तिक इंडस्ट्रीज भोपाल के संचालक हरिश मौर्य, जे.जे. जीन्स छिंदवाड़ा के संचालक वरुण बरजात्या, रिसर्च इंडिया जबलपुर के संचालक अनुराग जैन तथा खानक हैंडीक्राफ्ट्स भोपाल की संचालक श्रीमती हिना अरशद ने सहभागिता की।
गारटेक्स इंडिया वस्त्र, परिधान, फैब्रिक, गारमेंट्स, एसेसरीज एवं संबंधित उद्योगों से जुड़े देश-विदेश के प्रमुख व्यवसायिक संस्थानों को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश की सहभागी इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ देश-विदेश के संभावित खरीदारों, व्यवसायिक प्रतिनिधियों एवं उद्योग जगत के विभिन्न हितधारकों के साथ व्यापारिक संपर्क स्थापित करने का अवसर प्राप्त हुआ। एमएसएमई विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा सहभागी सभी इकाइयों के लिए स्टॉल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। इस पहल से उद्यमियों को नए बाजारों से जुड़ने तथा व्यापार विस्तार के अवसर प्राप्त हुए।