Home News Helpline Classified Jobs About Contact

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को कलेक्टर के सख्त निर्देश

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को कलेक्टर के सख्त निर्देश
छिंदवाड़ा
17-Aug-26
सीएम जन - विश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर जोर

छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण पर पूरी गंभीरता से ध्यान दें। किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ लेने के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों के भी समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया। एक सप्ताह बाद भी ऑनलाइन पोर्टल पर रिप्लाई दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की।

कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय स्तर के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।

जरूरतमंद परिवार को अंत्येष्टि सहायता का समय पर मिले लाभ

संबल योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि संबल योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सीईओ जनपद पंचायत और सीएमओ यह सुनिश्चित करें, कि सम्बल का कोई भी अपील अथवा रिप्रोसेसिंग का प्रकरण लंबित न रहे। लेबर ऑफिसर भी नियमित इसके लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय करें। उन्होंने विशेष रूप से अंत्येष्टि सहायता का लाभ समय पर जरूरतमंद परिवार को दिलाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजीकृत श्रमिक की मृत्यु के एक माह के अंदर उनके परिजन से आवेदन कराना संबंधित सचिव और जीआरएस की जिम्मेदारी है। अन्यथा की स्थिति में जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों एवं अन्य समय-सीमा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा - निर्देश दिए गए।

लोक सेवा केंद्रों से सेवाओं की प्रभावी प्रदायगी पर जोर 

कलेक्टर श्री नारायन ने जिले में लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाओं की सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रदायगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लोक सेवा केंद्रों पर प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में निराकरण किया जाए और कोई भी प्रकरण समय सीमा बाह्य न हो। उन्होंने जिला प्रबंधक लोक सेवा केंद्र को लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, उनकी कार्यप्रणाली पर सतत निगरानी रखने और लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस शुक्रवार बादगाँव में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर

कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले से निर्धारित रोस्टर के अनुसार अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम शुक्रवार 21 अगस्त को चौरई विकासखंड के बादगांव में आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और आमजन की अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविर के पूर्व सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और परख ऐप में ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करेंगे। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि शुक्रवार को जिला अधिकारियों की तरह ही सभी एसडीएम और अन्य सभी ब्लॉक लेवल अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र के भ्रमण पर रहें और अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं।

Share News On