सीड बॉल से पौधारोपण का नवाचार, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
छिंदवाड़ा

पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड एवं जिला छिंदवाड़ा के सेक्टर क्रमांक-5 की नगर विकास प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्था के तत्वावधान में बुधवार को धरम टेकड़ी में ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्र-छात्राओं, पर्यावरण मित्रों और नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
एसपी ऑफिस से धरम टेकड़ी तक निकली हरियाली यात्रा
कार्यक्रम के दौरान एसपी कार्यालय से धरम टेकड़ी तक हरियाली यात्रा निकाली गई। पर्यावरण मित्रों ने वृक्षों का पूजन कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। महिलाओं को पौधे वितरित किए गए। इस दौरान सीड बॉल का वितरण आकर्षण का केंद्र रहा। प्रस्फुटन समिति द्वारा तैयार सीड बॉल नवांकुर संस्था की ओर से पर्यावरण हितैषियों को वितरित की गईं। आयोजकों के अनुसार पौधारोपण को आसान और जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में यह एक नवाचार है।
जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। उन्होंने हरियाली और वृक्षों के सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर भी जानकारी दी।
पौधा लगाने के साथ देखभाल भी जरूरी
पर्यावरणविद एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रोटे विनोद तिवारी ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। वृक्ष प्राणवायु, छाया, फल और औषधि देने के साथ जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पौधे लगाने के साथ उनकी निरंतर देखभाल करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में हर घर तिरंगा, स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। परामर्शदाता तृप्ति ठाकुर, लता नागले, आशीष साहू, डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, रवि सिंह चंदेल, समाजसेवी मीरा पराड़कर, अलका शुक्ला, आयशा लोधी, कोशिमा रजक, देवीसिंह चौरे, नंदू निर्मलकर, हर्षा वनोदे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे। महिलाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया।