गोधुली वृद्धाश्रम में दी डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता की दी जानकारी
छिंदवाड़ा
04-Oct-26
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम

छिंदवाड़ा अपडेट
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को कार्यालय कलेक्टर, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तत्वावधान में गोधुली वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के लिए डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन एवं वित्तीय लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल सुविधाओं के सुरक्षित एवं सहज उपयोग के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठजन हमारे समाज की धरोहर हैं, इसलिए उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। डिजिटल युग में उन्हें सुरक्षित तकनीकी एवं वित्तीय व्यवहार की जानकारी देना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी वरिष्ठजनों को जागरूक किया गया तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। वरिष्ठजनों की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक जिले में सेवा, जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठजनों को डिजिटल और वित्तीय रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, धर्मेंद्र मिगलानी, संजय पटेल, निगम कमिश्नर सी.पी. राय सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।