अवैध शराब के अड्डों पर दबिश, महुआ लाहन और मदिरा बरामद
छिंदवाड़ा
13-May-26
छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन में सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर.वैद्य के मार्गदर्शन में शहर के आबकारी अमले द्वारा बुधवार सुबह अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी टीम ने छिंदवाड़ा से लगे ग्राम सारना में दबिश दी, जहां वंशकार मोहल्ले के दो रिहायशी मकानों से मदिरा बरामद कर प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद ग्राम लकड़ाई जम्होडी में नाले के किनारे प्लास्टिक की कैनों में भरा महुआ लाहन बरामद कर विधिवत नष्ट किया गया। साथ ही एक रिहायशी मकान से हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई।
आबकारी टीम ने ग्राम कपरवाड़ी में भी दबिश देकर नाले के किनारे भारी मात्रा में प्लास्टिक की कैनों में भरा महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के विरुद्ध कुल 08 प्रकरण कायम कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं (च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एल. मरावी, आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम सहित शहर का आबकारी अमला उपस्थित था।