ढाबों में बिक रही थी अवैध शराब, आबकारी ने बोला धावा
छिंदवाड़ा
23-Jun-25
बिना अनुमति शराब बेचने वालों को दी चेतावनी
छिंदवाड़ा
पिछले दो-तीन दिनों से अखबारों में शराब को लेकर छप रही खबरों से शायद जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की नींद टूटी और सोमवार को अवैध शराब बिक्री के स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्यवाही से शराब की अवैध बिक्री करने वाले सकते में है।
सोमवार की शाम अवैध शराब बिक्री करने वाले ढाबों और दुकानों की शामत बन कर आई। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई से ढाबों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान उड़ता पंजाब ढाबा, खालसा ढाबा, आदित्य ढाबा, मलंग ढाबा, शुक्ला ढाबा में अवैध शराब की बिक्री करते हुए पाए जाने पर इन ढाबा संचालकों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान विभाग ने बिक्री के लिए रखी गई बीयर, स्कॉच व्हिस्की सहित अन्य शराब के ब्रांडों को जप्त किया। कार्रवाई के बाद ढाबा संचालकों से सख्त हिदायत दी गई कि वे ढाबों में अवैध रूप से शराब न बेचे और न ही सेवन करने दे। इस कार्रवाई में एडीओ कैलाशचंद्र चौहान, भारती गोंड, आकारी उपनिरीक्षक हर्ष सोनी, रूचि बागरी सहित स्टाफ मौजूद रहा। आबकारी अधिकारी अजीत इक्का ने कहा कि आगे भी अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शराब में जितनी भी जगह अवैध शराब बेची जा रही है उन सभी स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर ऐसे स्थानों को बंद किया जाएगा।