दमोह में नाबालिग को बेचने वाले पति-पत्नी पकड़ाए
छिंदवाड़ा
19-Jul-25
80 हजार रूपए में किया था सौदा
छिंदवाड़ा
गुरैया निवासी एक महिला ने 15 जुलाई 2025 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को 5 जुलाई को उसके ही पड़ोस में रहने वाले रितेश यादव और उसकी पत्नी निधि यादव ने खाना बनाने के लिए लेकर गए तब से वह वापस नहीं आई है। महिला ने शिकायत में बताया कि इसके पूर्व भी इन लोगों ने उसकी बेटी को दो-तीन बार काम पर ले गए थे लेकिन वह वापस आ जाती थी लेकिन इस बार उसकी लड़की लौटकर नहीं आई है। कोतवाली थाना प्रभारी जीएस राजपूत ने बताया कि शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर हमने जांच-पड़ताल शुरू की।

साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को पता चला कि नाबालिग लड़की दमोह जिला के नीमखेड़ा गांव में है। जब लड़की को दस्तयाब कर मेडिकल कराया गया तो वह गर्भवती निकली। नाबालिग ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसे बेचने से पहले उसके ही मुंहबोले चाचा ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। श्री राजपूत ने बताया कि आरोपी रितेश यादव और उसकी पत्नी निधि ने सागर की एक महिलादलाल की मदद से इस लड़की को 80 हजार रूपए में बेच दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में रितेश यादव पिता अशोक यादव, निधि यादव पति रितेश यादव दोनों निवासी गुरैया छिंदवाड़ा तथा कमलेश लोधी पिता अजुद्दी लोधी निवासी नीमखेड़ा, थाना बटियागढ़ जिला दमोह शामिल है।
