रंग पंचमी पर जमकर उड़ाया गुलाल, युवाओं में दिखा उत्साह
छिंदवाड़ा
08-Mar-26
3 टन उड़ी गुलाल, डीजे की धुन पर दशहरा मैदान में जमकर नाचे युवा
छिंदवाड़ा
रंग पंचमी पर गांधी गंज से शुरू हुए भव्य रंग पंचमी चल समारोह में युवाओं ने जमकर गुलाल उड़ाई। गांधी गंज से शुरू हुआ यह चल समारोह नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ दशहरा मैदान पहुंचा जहां पानी की फुहारों और डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरके। पूरे चल समारोह में पुलिस का सख्त पहरा रहा ताकि किसी भी तरह की कोई घटना न हो पाए।

रविवार को रंग पंचमी पर जिला मुख्यालय पूरी तरह रंगों से सराबोर नजर आया। गांधी गंज क्षेत्र से रंग पंचमी चल समारोह प्रारंभ हुआ जो श्याम टॉकीज, चार फाटक, छोटा तालाब, पुराना पावर हाउस, छोटी बाजार, गोलगंज, फव्वारा चौक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचा। चल समारेाह में सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की थी जिनमें युवक-युवतियां शामिल थी। पूरे रास्ते में युवाओं ने जमकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और उड़ाया भी। डीजे की धुन पर नाचते-गाते युवाओं की टोली ने आम नागरिकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बताया जा रहा है कि तीन बड़े टैंकरों से लगभग 3 टन गुलाल चल समारोह में उड़ाया गया तो वहीं दशहरा मैदान में पानी की फुहारों और डीजे की धुन पर युवा जमकर नाचे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास से दशहरा मैदान को चल समारोह के लिए आरक्षित कर दिया गया था। पुलिस की चौकस व्यवस्था के चलते चल समारोह में किसी तरह का कोई व्यवधान नहीं आया और शांतिपूर्ण ढंग से रंग पंचमी का त्योहार मनाया गया।